भारत की युवा ब्रिगेड को रविवार से यहां शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका की उछाल भरी पिचों पर कड़ी परीक्षा का सामना करना पड़ेगा। कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने एकदिवसीय विश्व कप के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर पर टी20 श्रृंखला 4-1 से जीती। अब युवा टीम लगातार दूसरी टी20 श्रृंखला जीतने के इरादे से उतरेगी। चोटिल कप्तान हार्दिक पांड्या आईपीएल की शुरुआत तक बाहर हैं और प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ब्रेक पर हैं। इसके अलावा, अगर जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा के टी20 भविष्य पर कोई स्पष्टता नहीं है, तो कोई भी दक्षिण अफ्रीका में टीम की सफलता या विफलता के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह पाएगा।

टी20 विश्व कप के लिए भारत की कोर टीम की स्थिति आईपीएल के एक महीने बाद ही स्पष्ट होगी क्योंकि खिलाड़ियों का फॉर्म और फिटनेस चयन का मानदंड होगा। जनवरी के मध्य में अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला से पहले दक्षिण अफ्रीका श्रृंखला भारत के लिए आखिरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय टी20 श्रृंखला होगी।



भारत ने टी20 श्रृंखला के लिए 17 खिलाड़ियों को लिया है और उनमें से केवल तीन श्रेयस अय्यर, मुकेश कुमार और ईशान किशन भी 50 ओवर के प्रारूप का हिस्सा हैं। लेकिन टीम के सामने कई मुश्किल मुद्दे होंगे, जिसमें सलामी बल्लेबाज और तीसरे नंबर के बल्लेबाज को रक्षात्मक होने की प्रवृत्ति को बदलना होगा जो पिछले टी20 विश्व कप में भारत के लिए अभिशाप था।


रुतुराज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता

यशस्वी ने पहले ही दिखा दिया है कि वह किस आक्रामक स्तर पर बल्लेबाजी करते हैं और शुभमन गिल अब सभी प्रारूपों में पहली पसंद बन गए हैं, जबकि रुतुराज गायकवाड़ को भी नजरअंदाज करना मुश्किल होगा। समस्या यह है कि अगर जायसवाल, गिल और गायकवाड़ की तिकड़ी बल्लेबाजी करती है, तो चौथे नंबर के बाद ईशान किशन एक अच्छा विकल्प नहीं है। चौथे नंबर पर भारत के नंबर एक टी20 बल्लेबाज और कप्तान सूर्यकुमार हैं।


ईशान को जितेश से चुनौती मिलेगी विकेटकीपर के स्थान पर किशन को जितेश शर्मा से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा क्योंकि वह छठे नंबर पर फिनिशर के रूप में सुधार कर रहे हैं। पांचवें स्थान पर श्रेयस अय्यर को मार्को जानसेन, गेराल्ड कोएत्जी और एंडिले फेहलुकवायो की शॉर्ट पिच गेंदों से चुनौती मिलने की उम्मीद है। अगर ईशान को शामिल किया जाता है तो जितेश को मौका नहीं मिलेगा क्योंकि दोनों विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और ऐसे में रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन में जगह दी जाएगी। रुतुराज, जयस्वाल, रिंकू और जितेश जैसे खिलाड़ियों के लिए किंग्समीड में अतिरिक्त उछाल एक अलग चुनौती होगी।



क्लासेन, मिलर, मार्कराम गेंदबाजों को मुसीबत में डाल सकते हैं दक्षिण अफ्रीका के मुख्य तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा को आराम दिया गया है, जबकि एनरिक नॉर्टजे और लुंगी एनगिडी घायल हैं, लेकिन टीम अपने मैदान पर बहुत मजबूत होगी। ऑस्ट्रेलिया ने अधिकांश मैचों में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती दी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में लंबाई का महत्व दोगुना हो जाएगा। क्विंटन डी कॉक दक्षिण अफ्रीकी टीम में नहीं होंगे, लेकिन हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, कप्तान एडेन मार्कराम, ट्रिस्टन स्टब्स और मैथ्यू ब्रेट्जके भारतीय गेंदबाजों को मुसीबत में डाल सकते हैं। रवींद्र जडेजा इस श्रृंखला में उप-कप्तान हैं और उनके सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है। दूसरा स्पिनर निश्चित रूप से 'गुगली' विशेषज्ञ रवि बिश्नोई होगा जो अब दुनिया के नंबर एक टी20 स्पिनर हैं। दीपक चाहर, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार के तीन तेज गेंदबाजी विकल्प होने की उम्मीद है।





दक्षिण अफ्रीकाः रीजा हेंड्रिक्स, मैथ्यू ब्रिट्जके, ट्रिस्टन स्टब्स, एडेन मार्कराम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, एंडिल फेलुकवायो, केशव महाराज, गेराल्ड कोएत्जी, नेन्द्रे बर्जर, तबरेज शम्सी।


भारतः सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, रवींद्र जडेजा, दीपक चाहर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।